नाहन/देवेन्द्र कुमार: भारी बारिश के कारण सिरमौर जिला में बंद पड़ी कई सड़के अभी भी बहाल नहीं हो पाई है। मुख्य रूप से रविवार को अवरुद्ध हुआ एनएच 707 पांवटा साहिब – शिलाई – लाल ढांग अभी तक बहाल नहीं हो पाया है। जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भारी बारिश के कारण एनएच 707 कच्ची ढांग के समीप भारी भूस्खलन के कारण यातायात के लिए बन्द हो गया था और यहां भूस्खलन से सड़क का एक बड़ा हिस्सा धंस गया था।
प्रशासन द्वारा मौके पर भारी मशीनरी लगाई गई है और सड़क बहाली का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। फिलहाल आवाजाही के लिए यहां ट्रैफिक को डायवर्ट किया गया है। एडीसी सिरमौर मुनेश कुमार यादव ने बताया कि एनएच बहाली को लेकर कार्य जोरों पर है और यातायात सुचारु रखने के लिए ट्रैफिक को डायवर्ट किया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द एनएच को यातायात के लिए बहाल कर दिया जाएगा।
