Dharamshala, Rahul-शाहपुर विधानसभा की भूतपूर्व सैनिक ब्लॉक कांग्रेस की ओर से धर्मशाला में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे शाहपुर के विधायक एवं प्रदेश सरकार में डिप्टी चीफ़ व्हिप केवल सिंह पठानिया ने कहा कि सैनिक हमारे राष्ट्र की रीढ़ हैं। उन्हीं की बदौलत देश ने 1947, 1962, 1971 और 1999 जैसी लड़ाइयों में ऐतिहासिक विजय दर्ज की।
पठानिया ने घोषणा की कि शाहपुर में भी धर्मशाला की तर्ज पर एक भव्य शहीद स्मारक बनाया जाएगा, ताकि क्षेत्र के शहीद सपूतों की शहादत को सदैव याद रखा जा सके। उन्होंने कहा कि चुनावों से पहले सैनिकों से किए वायदे अब पूरे किए जा रहे हैं और पूर्व सैनिकों के कल्याण हेतु हर संभव कदम उठाए जाएंगे।कांगड़ा में आई आपदा पर बोलते हुए विधायक ने बताया कि उन्होंने प्रभावित इलाकों का दौरा किया और विधानसभा में मुद्दा उठाकर त्वरित राहत राशि जारी करवाई। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि वे मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री स्तर पर राहत दिलाने में असफल रहे, जबकि केंद्र सरकार के मंत्री और सांसद आपदा के समय प्रदेश में कहीं नज़र नहीं आए।उन्होंने कहा कि प्रदेश को हजारों करोड़ का नुकसान हुआ है, इसलिए इस आपदा को राष्ट्रीय आपदा घोषित कर केंद्र से बड़ा राहत पैकेज मिलना चाहिए। साथ ही उन्होंने बिजली, पानी और सड़क विभाग के कर्मचारियों के अथक प्रयासों की सराहना की।
