विकास, चिंतपूर्णी: हिमाचल के विश्व विख्यात शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी के पास रात को एक जोरदार धमाके की आवाज से आसपास के लोग सहम उठे। लोगों में एकदम से अफरातफरी का माहौल बन गया। लोगों ने देखा कि मंदिर अधिकारी के कार्यालय के पास झुग्गियों में भीषण आग लगी हुई थी। वहीं धमाके की जो आवाज आई वह इन झुग्गियों में रखे गए गैस सिलेंडर के आग लगने पर फटने की थी।
गनीमत यह रही कि जिस समय इन झुग्गियों में आग लगी उस समय यह खाली थी और अंदर कोई व्यक्ति नहीं था, जिसके कारण जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ, लेकिन आग ने भयंकर रूप धारण कर लिया था। आग पर फायर ब्रिगेड के कर्मियों ने समय रहते काबू पा लिया नहीं तो पूरा चिंतपूर्णी का बाजार और मंदिर कार्यालय इसकी चपेट में आ सकता था।
चिंतपूर्णी फायर ब्रिगेड के प्रभारी शंकर दास ने कहा फायर ब्रिगेड की गाड़ियां समय रहते घटनास्थल पर पहुंच गई जिसके कारण आग को फैलने से पहले ही रोक लिया गया। किसी प्रकार का कोई जानी नुकसान इस हादसे में नहीं हुआ है।
