राहुल चावला, कांगड़ा: प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर बागवानों को राहत प्रदान की जाएगी। फलों के रेट स्वयं बागवान तय करेंगे, इसके लिए बकायदा एक कमेटी का गठन किया जाएगा। यह बात भारतीय युवा कांग्रेस की प्रदेश मीडिया प्रभारी हरनीत बराड़ ने शनिवार को धर्मशाला में युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं जिला परिषद सदस्य पंकज कुमार पंकु की अध्यक्षता में आयोजित प्रेसवार्ता में कही। इस अवसर पर इंडियन यूथ कांग्रेस के इलेक्शनर कमीशनर सुमित खन्ना, युकां नेता सुरजीत भरमौरी व अन्य मौजूद रहे।
हरनीत ने कहा कि कांग्रेस ने पहले भी हर वर्ग के हितों का ध्यान रखा है और अब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है, इस बार भी कांग्रेस सभी के हितों को सुरक्षित करेगी। भाजपा के डबल इंजन सरकार के दावों पर तंज कसते हुए हरनीत ने कहा कि डबल इंजन से कुछ नहीं होता, एक इंजन भी सही हो तो सरकार चल पड़ती है और बेहतर कार्य होता है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में पशुपालकों से प्रतिदिन 10 लीटर दूध खरीदने की बात कही है। ऐसे में पशुपालकों को भी अपने पशुओं का दूध बेचने के लिए यहां-वहां नहीं भटकना पड़ेगा। हरनीत ने कहा हिमाचल को देवभूमि के साथ वीरभूमि भी कहा जाता है, ऐसे में अग्निवीर योजना प्रदेश के युवाओं के साथ भद्दा मजाक है।
