Hamirpur,Arvind Singh (TSN)-नगर निगम हमीरपुर के तहत वार्ड नंबर एक, हीरानगर में शुक्रवार दोपहर भीषण आग लगने से टिंबर हाउस के लिए रखे गए 105 चीड़ और पड़तल के लकड़ी के स्लीपर जलकर राख हो गए। इस हादसे में टिंबर हाउस मालिक को लगभग दो लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार,दोपहर के समय अचानक स्लीपरों से धुआं उठता देखा गया। तेज हवा और लकड़ी के सूखे होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग को सूचित किया गया। दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।हालांकि, आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। दमकल विभाग और स्थानीय प्रशासन मामले की जांच कर रहे हैं। समय पर कार्रवाई से आग अन्य स्थानों तक फैलने से रोकी जा सकी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
