राहुल चावला, धर्मशाला-: कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता पुनीत मल्ली ने जसवां-परागपुर के विधायक एवं पूर्व मंत्री विक्रम ठाकुर पर पुलिस अधिकारी के साथ कथित दुर्व्यवहार को लेकर निशाना साधा है। पुनीत मल्ली ने आरोप लगाया कि विक्रम ठाकुर ने पुलिस अधिकारी के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर उन्हें धमकाया। उन्होंने इस व्यवहार की निंदा करते हुए कहा कि प्रदेश में कानून से ऊपर कोई नहीं है और राजनीतिक पद या रसूख के आधार पर किसी को भी अधिकारियों का अपमान करने का अधिकार नहीं है। उन्होंने विक्रम ठाकुर से प्रदेश की जनता से माफी मांगने की मांग की।
मुख्यमंत्री से सीख लेने की दी सलाह
पुनीत मल्ली ने विक्रम ठाकुर को राजनीतिक मर्यादा बनाए रखने की सलाह देते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के व्यवहार से सीख लेने की बात कही। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध करना सभी का अधिकार है, लेकिन विरोध के दौरान भाषा और व्यवहार में संयम जरूरी है। उन्होंने पूर्व मंत्री के कार्यकाल और खनन माफिया से कथित संबंधों को लेकर भी सवाल उठाए।
भाजपा के प्रदर्शन पर साधा निशाना
कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता ने भाजपा के प्रदर्शनों पर सवाल उठाते हुए पार्टी पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने भाजपा नेता के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम के तहत दर्ज मामले का जिक्र करते हुए पूछा कि क्या भाजपा ने उस मामले में भी इसी तरह प्रदर्शन किया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि संबंधित मामला न्यायालय में विचाराधीन है और राजनीतिक दलों को ऐसे मामलों में निष्पक्ष रुख अपनाना चाहिए।पुनीत मल्ली ने कहा कि हिमाचल प्रदेश देवभूमि है और यहां राजनीतिक विरोध के दौरान लोकतांत्रिक मर्यादाओं, कानून और अधिकारियों के सम्मान का ध्यान रखा जाना चाहिए।

