Hamirpur, Arvind-:शहर के मृदुल चौक के समीप स्थित एक टिंबर हाउस की ऊपरी मंजिल में गुरुवार दोपहर अचानक आग लग गई। इस आगजनी में कमरे के भीतर रखी नकदी समेत लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।घटना गुरुवार दोपहर करीब 12:30 बजे की है। मकान की छत से उठती आग की लपटें देखकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और दमकल विभाग को सूचना दी। दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयास से आग पर काबू पाया गया। गनीमत यह रही कि आग नीचे स्थित टिंबर हाउस तक नहीं पहुंची, अन्यथा बड़ा नुकसान हो सकता था।
जानकारी के अनुसार जिस कमरे में आग लगी, वहां कुछ लोग किराए पर रहते थे, जो घटना के समय अपने काम पर गए हुए थे। यह मकान वार्ड नंबर सात निवासी राकेश कुमार का बताया जा रहा है। कमरे में आरे से संबंधित सामान, पंखे और नकदी रखी हुई थी। आग की चपेट में आने से छत सहित सारा सामान जलकर नष्ट हो गया।परिवार के सदस्य विनोद कुमार ने बताया कि इस हादसे में करीब ढाई लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि समय रहते दमकल विभाग और स्थानीय लोगों ने पहुंचकर आग को फैलने से रोक लिया।
उधर, हमीरपुर के उपायुक्त अमरजीत सिंह ने बताया कि डीसी कार्यालय के समीप स्थित लकड़ी के आरे की ऊपरी मंजिल में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर भेजी गई और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पा लिया गया। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन करेंगे और नियमों के तहत प्रभावित परिवार को उचित राहत प्रदान की जाएगी।
हूँ।
