सचिन शर्मा, मनाली: कुल्लु जिला में गुरुवार को आपदा प्रबंधन के तहत संभावित बाढ़ और भू-स्खलन पर जिला के पांच स्थानों पर मेगा मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया । इस मॉक ड्रिल में सभी संबंधित विभागों ने अपने-अपने विभागों से संबंधित राहत एवं बचाव कार्यों को अंजाम दिया । यह मॉक ड्रिल आपदा से निपटने का पूर्वाभास था। इसी कड़ी में कुल्लू जिला के मनाली के साथ लगते बरान गांव में भी मेगा मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया, जिसमें मनाली के बरान में ब्यास नदी में आई बाढ़ और पुल के टूट जाने के कारण करीब 12 लोग घायल हो गए जबकि 2 लोगों की मृत्यु हो गई हैं।
आज की गई इस मॉक ड्रिल में मनाली प्रशासन, मनाली पुलिस ,आईटीबीपी, होमगार्ड ,स्वास्थ्य विभाग,अग्निशमन विभाग, सहित अन्य विभाग भी मौजूद रहे। इस दौरान ब्यास नदी में फंसे लोगों को कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू किया गया और मेडिकल बेस कैंप में उनका उपचार किया गया। वहीं मेजर घायलों को अस्पताल भेजा गया। मनाली के बरान में आयोजित की गई। इस मेगा मॉक ड्रिल के बारे में अधिक जानकारी देते हुए मनाली एसडीएम रमन शर्मा ने कहा कि आज पूरे प्रदेश सहित जिला कुल्लु में मेगा मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया हैं, जिसमें जिला कुल्लु के 5 स्थानों में भी इसका आयोजन हुआ जिसमें मनाली का बरान भी एक प्रमुख हैं।
उन्होंने कहा कि मनाली के बरान में यह दर्शाया गया था कि यंहा पर बाढ़ आने से बरान पुल क्षतिग्रस्त हो गया था और काफी लोग इसकी चपेट में आ गए। इनमें करीब 12 लोग घायल हो गए और दो की मृत्यु हो गई हैं। उन्होने कहा कि मनाली में अक्सर देखा जाता है कि मानसून के दिनों में काफी बाढ़ आदि का खतरा रहता हैं । ऐसे में उस बात को ध्यान में रखते हुए इस मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया था ।
