हमीरपुर, अरविंद-:हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र में संचालित ‘एक से श्रेष्ठ’ शिक्षा अभियान के तहत विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करने के लिए ग्राम पंचायत पांडवीं स्थित अष्टभुजा माता मंदिर परिसर में पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सात केंद्रों के मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार और प्रशंसा पत्र देकर उनके प्रयासों की सराहना की गई।
यह अभियान पहली से पांचवीं कक्षा तक के बच्चों के लिए संचालित 600 से अधिक केंद्रों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करा रहा है। समय-समय पर बच्चों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से वन महोत्सव पर पेंटिंग प्रतियोगिता, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योग प्रतियोगिता तथा गणित प्रतियोगिता जैसी गतिविधियों का आयोजन किया जाता है। इन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित करने के लिए विभिन्न केंद्रों का क्लस्टर बनाकर समारोह आयोजित किए जा रहे हैं।पांडवीं में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी सुशील ठाकुर उपस्थित रहे।समारोह में सात केंद्रों से आए करीब 158 अभिभावकों और विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस दौरान 21 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रशंसा पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त पुलिस अधीक्षक प्रेम सिंह नूर, समाजसेवी आदर्श कांत, सेवानिवृत्त कैप्टन सुखराम, पूर्व सैनिक सूरम सिंह तथा धर्म सिंह विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे।मुख्य अतिथि सुशील ठाकुर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए बच्चों से अनुशासन, मेहनत और निरंतर सीखने की भावना बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में शुरू किया गया ‘एक से श्रेष्ठ’ अभियान केवल शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों में आत्मविश्वास, संस्कार और व्यक्तित्व विकास को भी बढ़ावा दे रहा है।
