नाहन /देवेंद्र कुमार – नाहन के डिग्री कॉलेज में आज राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल की सहायता से मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। जिसमें छात्रों को आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया गया और आपदा से बचाव के उपाय बताए गए। माॅक ड्रिल भविष्य की आपदा संभावित घटनाओं के दौरान जरूरी एहतियात बरतने के लिए आयोजित की गई ।
जिसमें आपदा प्रबन्धन से जुड़े सभी स्टेक होल्डर विभाग (सम्बन्धित विभाग) एनआरडीएफ, पुलिस, होम गार्ड, अग्निशमन, चिकित्सा, शिक्षा, व अन्य सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों तथा कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। यह माॅक ड्रिल डिस्ट्रिक्ट डिजास्टर मैनेजमेंट प्लान के निरीक्षण तथा आपदा प्रबन्धन से जुड़े समस्त विभागों के बीच आपसी तालमेल स्थापित करने के लिए किया गया। एनडीआरएफ के असिस्टेंट कमांडर करम सिंह, इंस्पेक्टर जगपाल, सब इंस्पेक्टर गोविन्द मीना और सब इंस्पेक्टर विवेक ने आपदा के समय उठाए जाने विभिन्न महत्वपूर्ण पगों और जरूरी एहतियात बरतने के संबंध में विद्यार्थियों को जानकारी प्रदान की। इसके अलावा विद्यार्थियों को भूकंप, आगजनी, भूस्खलन और अन्य आपदाओं के समय किस प्रकार राहत कार्य में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकते हैं, बारे में जानकारी प्रदान की गई।
