मंडी, 14 अक्तूबर:त्योहारों के इस सीजन में हिमाचल प्रदेश मिल्कफेड ने प्रदेशवासियों के लिए मीठा तोहफा दिया है। मिल्कफेड इस बार प्रदेशभर में 500 क्विंटल मिठाइयों की बिक्री करेगा, जिसमें मंडी शहर के लिए 125 क्विंटल मिठाई बेचने का लक्ष्य रखा गया है।
मंगलवार को डीसी मंडी अपूर्व देवगन ने गांधी चौक पर मिल्कफेड के स्टॉल का विधिवत शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि मिल्कफेड की मिठाइयाँ पूरी तरह से स्वदेशी और स्थानीय उत्पादों से तैयार की गई हैं। हिमाचल के दुग्ध उत्पादकों से प्राप्त दूध से ही ये मिठाइयाँ बनाई गई हैं।डीसी अपूर्व देवगन ने लोगों से अपील की कि वे स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा दें और त्योहारों पर मिल्कफेड की शुद्ध मिठाइयाँ खरीदें.
हिमाचल प्रदेश मिल्कफेड के जिला मंडी यूनिट इंचार्ज विश्वकांत शर्मा ने बताया कि इस बार भी मिठाइयों के दामों में कोई वृद्धि नहीं की गई है।मंडी सहित प्रदेश के प्रमुख शहरों में मिल्कफेड के स्टॉल लगाए गए हैं, जहाँ लोग देशी घी से बनी शुद्ध मिठाइयाँ खरीद सकते हैं।
