संजु चौधरी, शिमला: हिमाचल सरकार में पंचायतीराज मंत्री अनिरुद्ध सिंह एक्शन मोड़ में आ गए हैं। मंगलवार को अनिरुद्ध सिंह अचानक निरीक्षण करने ओल्ड बस स्टैंड के समीप पंचायत भवन पहुंचे। इस दौरान पंचायतीराज के निदेशक भी उनके साथ थे। अचानक मंत्री के पंचायत भवन आने से कर्मियों में हड़कंप मच गया। मंत्री ने पंचायत भवन में कमरों का निरीक्षण किया। इस दौरान गैलरी में कुर्सियां देख मंत्री भड़क गए और साफ सफाई रखने के सख्त निर्देश दिए। इसके अलावा पंचायत भवन में बनी दुकानों का भी उन्होंने निरीक्षण किया।
इसके बाद अनिरुद्ध सिंह डीसी ऑफिस में जिला परिषद कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने कार्यालय का निरीक्षण किया। वहीं मंत्री के पहुंचने की खबर सुनते ही शिमला जिला उपायुक्त आदित्य नेगी और एसपी शिमला संजीव गांधी भी मौके पर पहुंचे। इस दौरान जिला परिषद के अधिकारियों ने स्टाफ की कमी की समस्या उनके समक्ष रखी। जिस पर मंत्री ने जल्द स्टाफ की कमी दूर करने का आश्वासन दिया।
पंचायतीराज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि पंचायत भवन को लेकर लगातार शिकायतें आ रही थी और आज निदेशक के साथ पंचायत भवन का निरीक्षण किया गया। कुछ अव्यवस्थाएं है उन्हें ठीक किया जाएगा। पंचायत भवन आम लोगों ओर पंचायत प्रतिनिधियों के लिए बना हैं। उन्हें जगह नहीं मिलती ओर दुकानों के भी कुछ मामले थे। इसको लेकर जरूरी दिशा निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा जिला परिषद कार्यालय का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने कहा कि पंचायतीराज को कैसे सुदृढ़ किया जाए इस पर सरकार काम कर रही हैं। पंचायत के प्रधान बीडीसी ओर जिला परिषद पंगु बन कर रह गया हैं। उनके पास कुछ शक्तियां नहीं रह गई हैं। लोग इन्हें उम्मीद से चुनते हैं और इन्हें पावर मिले इस पर काम किया जाएगा। इसके अलावा जिला परिषद कार्यालय में स्टाफ की कमी का मामला सामने लाया गया हैं सरकार जल्द खाली पदों को भरेगी।
