बिलासपुर,सुभाष ठाकुर(TSN)-बिलासपुर का राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेला सोमवार को ढोल नगाड़ों और बैंड बाजे के साथ निकली शोभा यात्रा के साथ शुरू हो गया।इस सात दिवसीय मेले के शुभारंभ पर तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
सर्वप्रथम मुख्यातिथि ने श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में पहुंच कर पूजा अर्चना की।यहां से प्रशासनिक अधिकारियों और कांग्रेस नेताओं सहित लोगों के साथ मुख्यातिथि शोभा यात्रा में शामिल होकर मेला स्थल के लिए रवाना हुए।ढोल नगाड़ों और बैंड बाजे के साथ निकली शोभा यात्रा बस अड्डा,चंपा पार्क,मेन मार्केट,गुरुद्वारा चौक और रोड़ा सेक्टर से होते हुए मेला स्थल पर पहुंची।जहां मुख्यातिथि राजेश धर्माणी ने मेले के मुख्य द्वार पर रिबन काटा और उसके बाद खूंटा गाढ़ने के साथ बैल पूजन किया।विधिवत रूप से मेले का शुभारंभ करने के बाद मुख्यातिथि ने विभागीय प्रदर्शनियों का अवलोकन किया। मेला अध्यक्ष एवं उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक ने मुख्यातिथि को शॉल,टोपी और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। वहीं, अपने संबोधन में मेले के बारे में जानकारी दी।
