संजीव महाजन,नूरपुर: विधानसभा ज्वाली के तहत ग्राम पंचायत ढन के ढन से फारियां सड़क के स्तरोन्नतिकरण की मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, सांसद कांगड़ा लोक सभा किशन कपूर, सांसद राज्य सभा सुश्री इंदु गोस्वामी व विधायक अर्जुन सिंह ठाकुर के नामों से अंकित उद्घाटन शिलान्यास पट्टिका को शरारती तत्वों ने तोड़ दिया है। इसके साथ ही ज्वाली लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह के पास लगते भाजपा के फ्लेक्सी बोर्ड्स को भी शरारती तत्वों क़ई ओर से फाड़ दिया गया है।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कोटला में 10 मई को एक कार्यक्रम में ढन से फारियां सड़क के स्तरोन्नतिकरण का उद्घाटन किया था। उद्घाटन की यह पट्टिका लोक निर्माण विभाग की ओर से अभी पिछले कल ही लगाई गई थी और रात को ही शरारती तत्वों ने इस पट्टिका को तोड़ दिया। तो वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि यह जो घिनौना कृत्य किया गया है यह बहुत ही निंदनीय है क्योंकि 10 साल पहले की लगी पूर्व विधायक नीरज भारती के नाम की ट्यूबवेल उद्घाटन पट्टिका को नुकसान नहीं पहुंचा है तो फिर विधायक अर्जुन सिंह ठाकुर व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नाम की लगी पट्टिका को ये नुक़सान क्यों और किसकी ओर से पहुंचाया गया है ? लगता है की विधायक की ओर से किए गए विकास कार्यों को लोग पचा नहीं पा रहे।
वहीं विधायक अर्जुन सिंह ठाकुर ने कहा कि जो लोग ऐसा कृत्य कर रहे है उनके ऐसे घिनौने कृत्य करने से विकास की गति नहीं रूकती। उन्होंने कहा कि ज्वाली में इन 5 सालों में हुए विकास को लेकर कुछ लोग बौखला गए है ओर ओछी हरकतें करने पर उतर आए है। उन्होंने कहा कि ऐसा कृत्य करने से किसी का अस्तित्व बढ़ता नहीं घटता है। वहीं मामले में डीएसपी नूरपुर सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि पुलिस थाना ज्वाली टीम को इसकी जानकारी मिलते ही शनिवार को सुबह मौके पर पहुंच कर जायजा लिया गया ओर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।
