संजीव महाजन,नूरपुर: विधानसभा ज्वाली के तहत पंचायत पलौहड़ा के गांव गगेहड़ में एक महिला को सांप ने डस लिया। सांप के डसने से महिला की मौत हो गई। मृतिका की पहचान सीमा बीबी (45) पत्नी नेक आलम निवासी गगेहड़ के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी अनुसार महिला सीमा बीबी कल शाम को खाना बनाने का कार्य कर रही थी कि इसी दौरान उसे सांप ने डस लिया। महिला को उसकी पुत्रियां व पुत्र मंदिर में ले गए ओर वहां पर महिला की तबीयत ठीक हो गई। घर में पहुंचकर महिला जैसे ही दूध पीने लगी तो अचानक से गिर गई जिससे उसकी मौत हो गई।
महिला के पति की मौत वर्ष 2010 में हो गई थी ओर उसकी तीन बेटियां व एक बेटा है। बड़ी बेटी दिलखुरशाद (22) की शादी हो गई है जबकि अन्य अभी पढ़ाई करते है। अब बच्चों का कोई सहारा नहीं है। बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है ओर उनका रो-रो कर बुरा हाल है। पंचायत उप प्रधान राजिंदर जरियाल ने कहा कि महिला काफी गरीब परिवार से थी। उन्होंने प्रशासन से गुहार लगाई है कि उक्त पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।
