राहुल चावला,धर्मशाला: जिला कांगड़ा में मंगलवार से मिशन इंद्रधनुष-5.0 शुरूवात हो गई हैं। इस मिशन के तहत जिन बच्चों का टीकाकरण अधूरा रह गया हैं उन्हें चिन्हित कर उनका टीकाकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी कांगड़ा डॉक्टर सुशील शर्मा ने बताया कि मिशन इंद्रधनुष तीन चरणों में चलाया जाएगा। पहला 7 से 12 अगस्त, दूसरा 11 से 16 सितंबर और तीसरा चरण 9 से 14 अक्टूबर तक होगा। टीकाकरण की रिपोर्टिंग यू-विन पोर्टल के माध्यम से की जाएगी।
सीएमओ कांगड़ा ने बताया कि कोविड में कोविन की तर्ज पर स्वास्थ्य मंत्रालय भारत सरकार की ओर आए यूएनडीपी के माध्यम से यू-विन पोर्टल का निर्माण किया गया हैं। उन्होंने बताया कि यू-विन पोर्टल के माध्यम से बच्चों को होने वाले टीकाकरण का सारा रिकॉर्ड डिजिटाइज किया जाएगा। जिससे भविष्य में किसी भी स्थान पर यदि वे जाते हैं तो उनके टीकाकरण का पूरा रिकॉर्ड ऑनलाइन उपलब्ध होगा।
उन्होंने बताया कि सघन मिशन इंद्रधनुष (आईएमआई- 5.0) में यू-विन पोर्टल के माध्यम से बच्चों व गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण कर उनके टीकाकरण रिकॉर्ड को अपलोड किया जाएगा। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि टीकाकरण के समय अपने बच्चे या गर्भवती महिला को यू-विन पोर्टल के माध्यम से पंजीकृत करने में स्वास्थ्य कर्मचारियों का सहयोग करें।
उन्होंने बताया कि मिशन के तहत लाभार्थियों का देश में कहीं भी टीकाकरण किया जा सकता है और इसका प्रमाण पत्र यू-विन पोर्टल पर मिलेगा। यू विन पोर्टल एक ऐसा डिजिटल माध्यम है जिनमें बच्चों को उनके परिवार या संरक्षक के मोबाइल पर पंजीकृत किया जाएगा, जिसके उपरांत टीकाकरण सत्र, दिनांक, स्थान की सारी जानकारी डिजिटली मिलेगी।
