अनिल नेगी, किन्नौर: जिला शिमला के ढली में स्थित जनजातीय भवन की वर्तमान में हालत ख़स्ता बनी हुई है। कांग्रेस के कार्यकाल ने बने इस जनजातीय भवन की इस हालत और भवन की अनदेखी के लिए कांग्रेस वर्तमान सरकार को दोषी ठहरा रही है। किन्नौर के विधायक जगत सिंह नेगी ने आरोप लगाया है कि वर्तमान में इस जनजातीय भवन की हालत बेहद खस्ता है, लेकिन प्रदेश सरकार इसे सुधारने के लिए कोई उचित कदम नहीं उठा रही है जिससे जनजातीय क्षेत्रों के लोगों को वहां असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकाल में पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की ओर से शिमला के ढली में जनजातीय क्षेत्रों किन्नौर, लाहौल स्पीति , भरमौर व पांगी आदि के लोगों की सुविधा के लिए जनजातीय भवन का निर्माण करवाया गया था। इस भवन के निर्माण के पीछे का उद्देश्य था की जनजातीय क्षेत्रों के लोगों को शिमला में आने पर वहां ठहरने के लिए असुविधाओं का सामना ना करना पड़े,लेकिन वर्तमान समय में इस जनजातीय भवन की हालत दयनीय बनी हुई है। जगत सिंह नेगी ने कहा कि इस समय उक्त भवन के कमरों में बिस्तरों आदि के साथ-साथ शौचालयों की भी हालत खस्ता बनी हुई है। यही नहीं उक्त भवन में ठहरने वालों के लिए खाने की व्यवस्था के लिए जो कैंटीन वहां चलाई जा रही है उसमें भी खाने पीने की उचित व्यवस्था नहीं है जिससे लोगों को कई बार बाहर जाकर खाना खाना पड़ता है ।
उन्होंने कहा कि उक्त भवन की खस्ता हालत का खुलासा अभी कुछ दिन पहले जिला के बटसेरी के एक व्यक्ति किशोरी ने जो कि उस भवन में ठहरा हुआ था ने एक वीडियो वायरल करके किया था । जगत सिंह नेगी ने कहा कि जनजातीय भवन की खस्ता हालत के बारे में मैंने बजट सत्र में भी प्रश्न लगाया था ओर जनजातीय विकास विभाग से भी इसके बारे में सूचना मांगी थी जिस पर कहा गया था कि भवन की मरम्मत की जा रही है ।
उन्होंने यह भी बताया कि इसके अतिरिक्त उक्त भवन में सी.सी. टी. वी कैमरे लगाने की भी मांग की गई थी। वहां से हमेशा शिकायतें आती है कि वहां ठहरने के लिए जनजातीय क्षेत्रों के जो लोग आते है उन्हें कमरे उपलब्ध नहीं हो पाते है,बल्कि भवन में अन्य क्षेत्रों के लोगों को कमरे दिए जाते है जो कि जनजातीय क्षेत्र के लोगों के साथ भेदभाव है । किन्नौर विधायक ने प्रदेश सरकार से जनजातीय भवन की खस्ताहालत को दुरूस्त करने के लिए शीघ्र उचित कदम उठाने की मांग की है ताकि वहां पर जनजातीय क्षेत्र के लोगों को असुविधाओं का सामना न करना पड़े ।
