सोलन -:कसौली विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्रामीण युवक मंडल कोटबेजा की ओर से आयोजित दो दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता के दूसरे दिन शुक्रवार शाम को विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस दौरान पंचायतवासियों और युवक मंडल के सदस्यों ने उनका फूलमालाओं से गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। युवक मंडल की ओर से विधायक को हिमाचली टोपी, मफलर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास में अहम भूमिका निभाते हैं। खेल गतिविधियों से युवाओं में अनुशासन, आपसी भाईचारे और सकारात्मक सोच की भावना विकसित होती है। साथ ही युवा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से भी दूर रहते हैं। उन्होंने ग्रामीण युवक मंडल को अपनी ओर से 21 हजार रुपये देने की घोषणा की।इस अवसर पर विधायक ने क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि कोटबेजा के पुराने खाली पड़े स्कूल भवन में आईटीआई खोलने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे। वहीं, गुनाई प्राथमिक स्कूल के नए भवन के निर्माण के लिए 30 लाख रुपये से कार्य शुरू करवाने की बात कही। इसके अतिरिक्त गढ़खल-रालीरूग-कोटबेजा सड़क के निर्माण के लिए साढ़े तीन करोड़ रुपये की डीपीआर तैयार करवाने की घोषणा की।
