शिमला, संजू। हिमाचल प्रदेश के पर्यटन क्षेत्र में निवेश और सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक नई पहल हुई है। राजधानी शिमला के नजदीक कुफरी के फागू में प्रतिष्ठित सयाजी होटल्स ग्रुप ने अपने पहले होटल की शुरुआत की है। ‘एनराइज बाय सयाजी’ नाम से शुरू हुआ यह लग्जरी होटल पर्यटकों को पहाड़ों की खूबसूरत वादियों के बीच आधुनिक सुविधाओं का अनुभव प्रदान करेगा। होटल के शुभारंभ अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
64 कमरों वाले इस होटल को केसी विलास के सहयोग से विकसित किया गया है। हिमाचल में सयाजी ग्रुप की शुरुआत को प्रदेश के पर्यटन उद्योग के लिए अहम उपलब्धि माना जा रहा है। इससे जहां पर्यटकों को ठहरने का एक नया लग्जरी विकल्प मिलेगा, वहीं प्रदेश में बड़े हॉस्पिटैलिटी ब्रांड्स के निवेश को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।
हिमाचल में निवेश का स्वागत, पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
होटल के शुभारंभ अवसर पर पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सयाजी ग्रुप के हिमाचल में प्रवेश पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पर्यटन की व्यापक संभावनाएं हैं और प्रतिष्ठित होटल समूहों का यहां निवेश करना सकारात्मक संकेत है। इससे पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और हिमाचल को पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान बनाने में मदद मिलेगी।
64 कमरों में मिलेगा खास लग्जरी अनुभव
होटल में पर्यटकों के लिए पांच श्रेणियों के 64 कमरे तैयार किए गए हैं। इनमें डीलक्स, प्रीमियम माउंटेन व्यू रूम के अलावा निजी बाथटब और जैकूजी वाले विशेष कमरे व सुइट शामिल हैं। कुछ कमरों में बालकनी की सुविधा भी दी गई है, जहां से मेहमान पहाड़ों के मनमोहक नजारों का आनंद ले सकेंगे।
तीन फूड आउटलेट, अलग-अलग जायकों का आनंद
खानपान के लिए होटल में तीन विशेष आउटलेट बनाए गए हैं। मोमेंट रेस्तरां में पूरे दिन भोजन की सुविधा रहेगी। वहीं, कैफेनी में कॉफी और हल्के स्नैक्स का आनंद लिया जा सकेगा। इसके अलावा 99° बार में मल्टी-क्यूजीन मेन्यू उपलब्ध होगा।
स्पा, स्विमिंग पूल और बैंक्वेट हॉल आकर्षण
होटल में मेहमानों के लिए स्विमिंग पूल, फिटनेस सेंटर, रिक्रिएशन रूम, स्पा और वेलनेस सेंटर जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। इसके साथ ही तीन आधुनिक बैंक्वेट हॉल सोलिटेयर, क्रिस्टल और ज्वेल भी बनाए गए हैं। यहां कॉर्पोरेट बैठकों, सम्मेलनों, सामाजिक समारोहों और अन्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जा सकेगा।
10 राज्यों में फैला है सयाजी होटल्स का नेटवर्क
केसी विलास के प्रबंध निदेशक केशव चौहान ने कहा कि उनका उद्देश्य कुफरी की प्राकृतिक सुंदरता के अनुरूप एक ऐसा पर्यटन स्थल तैयार करना है, जहां मेहमानों को बेहतर आतिथ्य सेवाओं के साथ आधुनिक सुविधाएं मिलें। वहीं, सयाजी होटल्स लिमिटेड की कॉर्पोरेट हेड-बिजनेस डेवलपमेंट सुमेरा धनानी ने हिमाचल में होटल की शुरुआत को कंपनी के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।कंपनी के मुताबिक, देशभर में सयाजी होटल्स के 45 होटल संचालित हैं, जिनमें लगभग 3,000 कमरे शामिल हैं। हिमाचल प्रदेश में प्रवेश के साथ कंपनी का कारोबार अब देश के 10 राज्यों तक पहुंच गया है।
शिमला से 21 किलोमीटर की दूरी पर स्थित
फागू, ठियोग में स्थित यह होटल शिमला से करीब 21 किलोमीटर और चंडीगढ़ अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से लगभग 140 किलोमीटर दूर है। यहां से कुफरी सहित आसपास के प्रमुख पर्यटन स्थलों तक पहुंचना भी आसान है।हिमाचल में पर्यटन के बदलते स्वरूप के बीच इस तरह के लग्जरी होटल की शुरुआत से क्वालिटी टूरिज्म को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इससे प्रदेश में प्रीमियम सुविधाओं की तलाश में आने वाले पर्यटकों को नया विकल्प मिलेगा और पर्यटन के साथ हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र में भी रोजगार एवं व्यावसायिक गतिविधियों के अवसर बढ़ सकते हैं।
