Una, Rakesh-:कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा (विक्कू) ने मंगलवार को जल शक्ति विभाग के विश्रामगृह में आयोजित कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के 90 आपदा प्रभावित परिवारों को 65 लाख रुपये की सहायता राशि के चेक वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार संकट की हर घड़ी में आम जनता के साथ मजबूती से खड़ी है।
विधायक विवेक शर्मा ने बताया कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में अब तक कुल 290 आपदा प्रभावित परिवारों को 3 करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक सहायता प्रदान की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने आपदा राहत नीति को अधिक जनहितकारी बनाते हुए राहत राशि में ऐतिहासिक बढ़ोतरी की है। पहले जहां पूरी तरह क्षतिग्रस्त मकानों के लिए डेढ़ लाख रुपये की सहायता दी जाती थी, वहीं अब इसे बढ़ाकर 7 लाख रुपये कर दिया गया है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री का विशेष आभार व्यक्त किया।विकास कार्यों की जानकारी देते हुए विधायक ने बताया कि लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत से डटवाड़ा से पनोह सड़क का निर्माण कार्य पूरा किया गया है, जिससे क्षेत्र के करीब 1200 लोगों को सीधा लाभ मिला है और यातायात व्यवस्था सुगम हुई है। इसके अलावा, वर्तमान कार्यकाल में कुटलैहड़ क्षेत्र में 62 नए बिजली ट्रांसफार्मर स्थापित किए गए हैं, जिससे लंबे समय से चली आ रही लो-वोल्टेज की समस्या से लोगों को राहत मिली है।उन्होंने बताया कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के बौल इलाके में लगभग 300 कनाल भूमि को औद्योगिक क्षेत्र के रूप में चिन्हित किया गया है। इससे भविष्य में उद्योगों की स्थापना होगी और स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे। विधायक ने कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास और युवाओं का सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकता है।
कार्यक्रम के अंत में विधायक विवेक शर्मा ने क्षेत्रवासियों को लोहड़ी और मकर संक्रांति की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उपस्थित लोगों के साथ लोहड़ी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया।
