Nurpur, Sanjeev-:नूरपुर ट्रैक्टर यूनियन ने अपनी लंबित मांगों को लेकर सोमवार को रोष रैली निकाली। यह रैली नूरपुर विधायक रणवीर सिंह निक्का के नेतृत्व में एसडीएम कार्यालय तक पहुंची, जहां एसडीएम अरुण शर्मा के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन
रैली के दौरान ट्रैक्टर यूनियन के सदस्यों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की अपील की। यूनियन प्रतिनिधियों का कहना है कि ट्रैक्टर मालिक आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं और सरकार से राहत की उम्मीद लगाए बैठे हैं।इस अवसर पर विधायक रणवीर सिंह निक्का ने कहा कि ट्रैक्टर यूनियन के अधिकतर सदस्यों ने बैंक से ऋण लेकर ट्रैक्टर खरीदे हैं। कई ट्रैक्टर मालिकों पर लगातार 6 से 7 किस्तें बकाया हो चुकी हैं, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द कोई ठोस निर्णय नहीं लिया, तो ट्रैक्टर मालिक अपने ट्रैक्टरों की चाबियां पुलिस के पास जमा करवाने को मजबूर होंगे।विधायक ने यह भी स्पष्ट किया कि मांगें पूरी न होने की स्थिति में ट्रैक्टर यूनियन सड़क पर उतरकर चक्का जाम आंदोलन करेगी।
वहीं एसडीएम नूरपुर अरुण शर्मा ने बताया कि ट्रैक्टर यूनियन की ओर से उन्हें ज्ञापन सौंपा गया है, जिसे नियमानुसार उच्च अधिकारियों और सरकार तक भेज दिया जाएगा, ताकि यूनियन की मांगों पर उचित कार्रवाई की जा सके।
