राहुल चावला,धर्मशाला:भारत सरकार के केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के निर्देशानुसार पूरे देश में 10 व 11 अप्रैल को मॉकड्रिल का आयोजन सुनिश्चित करने को प्रदेश सरकार की ओर से आदेश जारी किए गए थे। इसी कड़ी में जोनल अस्पताल धर्मशाला में सोमवार को मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। अस्पताल के सीनियर मेडिकल सुप्रिडेंट डॉ. राजेश गुलेरी ने बताया कि मॉकड्रिल के दौरान अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं बिस्तरों, आईसीयू, वेंटीलेटर कितने हैं। यह पूरी जानकारी भारत सरकार के पोर्टल पर अपलोड किया जाना था, जिसे पूर्ण कर लिया गया हैं।
इसके अतिरिक्त अस्पताल की स्वास्थ्य टीम ने पीएसए प्लांट, गैस पाइप लाइन यूनिट, वेंटीलेटर व आईसीयू बैड की स्थिति, एंबुलेंस में आक्सीजन और आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता और अस्पताल के स्टोर में कोविड के लिए जरूरी सामान व दवाइयों की उपलब्धता को जांचा ओर यह पाया गया कि किसी भी अप्रत्याशित स्थिति या जोनल अस्पताल को कोविड अस्पताल के रूप में काम करना पड़ता है तो अस्पताल इसके लिए तैयार हैं।
कोविड के लिए तैयार रहना और तैयारी रखना हमारी जिम्मेवारी
डॉ. गुलेरी ने बताया कि वर्तमान में जोनल अस्पताल में 265 बैड हैं ओर 10 बैड डायलिसिस यूनिट के हैं। इनमें से 160 बैड ऑक्सीजन से कनेक्टेड हैं। 500 के करीब अस्पताल में ऑक्सीजन के बड़े सिलेंडर हैं और 150 के करीब ऑक्सीजन कन्संलट्रेटर हैं। कोविड अस्पताल के लिए कुछ परिवर्तन करने पड़ते हैं।
