नाहन : देवेंद्र कुमार – आपदा प्रबन्धन के तहत संभावित बाढ़ और भू-स्खलन पर सिरमौर जिला में 8 जून को पांच स्थानों पर मेगा मॉक ड्रिल का आयोजन किया जायेगा। यह मॉक ड्रिल पांवटा साहिब के गांव पुरूवाला, पच्छाद के गांव चड़ेच, नाहन के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मोगीनंद, रूचिरा पेपर्स लि. कालाअंब और सिविल अस्पताल पच्छाद में आयोजित की जाएगी।
मीडिया से बात करते हुए एडीसी सिरमौर मनेश कुमार यादव ने बताया की मंगलवार 8 जून को आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय मेगा मॉक ड्रिल के दृष्टिगत राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से टेबल टॉप एक्सरसाइज की गयी। उन्होंने जिला प्रशासन की ओर से आमजन से आग्रह किया गया है कि वे इस मॉक ड्रिल के दौरान न घबराएं, क्योंकि इस प्रकार की मॉक ड्रिल भविष्य में आने वाली आपदा से निपटने के लिए जरूरी हैं। अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि 8 जून को जिला के पांच स्थानों पर होने वाली मॉक ड्रिल के लिये आब्जर्वर भी नियुक्त किए गए हैं। ये आब्जर्वर मॉक ड्रिल स्थल पर उपस्थित रह कर इसकी मॉनिटरिंग करेंगे और अपनी रिपोर्ट जिला आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण को प्रस्तुत करेंगे और जिला स्तर के उपरांत यह रिपोर्ट राज्य आपदा प्रबन्धन अथॉरिटी को प्रेषित की जाएगी।
