हमीरपुर, अरविंद-:भूतपूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से हमीरपुर स्थित ईसीएचएस पॉलीक्लीनिक में चिकित्सा सेवाओं का विस्तार किया गया है।पॉलीक्लीनिक में करीब 10 लाख रुपये की लागत से अत्याधुनिक फीजियोथैरेपी सेंटर स्थापित किया गया है।सेंटर में आधुनिक तकनीक पर आधारित मशीनरी और मरीजों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध करवाई गई हैं।ईसीएचएस पॉलीक्लीनिक के प्रभारी कर्नल (सेवानिवृत्त) चंद्रशेखर ने बताया कि उम्र बढ़ने के साथ होने वाली कई स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं में फीजियोथैरेपी काफी प्रभावी साबित होती है।इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए पॉलीक्लीनिक परिसर में नया फीजियोथैरेपी सेंटर शुरू किया गया है। उन्होंने बताया कि सेंटर की क्षमता इतनी है कि एक समय में करीब 15 से 20 मरीजों को फीजियोथैरेपी की सुविधा दी जा सकती है।
कर्नल चंद्रशेखर के अनुसार ईसीएचएस पॉलीक्लीनिक के माध्यम से जिला हमीरपुर के करीब 45 हजार भूतपूर्व सैनिकों और उनके परिजनों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। पॉलीक्लीनिक की ओपीडी में प्रतिदिन औसतन करीब 400 मरीज पहुंचते हैं। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए चिकित्सा सुविधाओं को लगातार बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है।उन्होंने कहा कि पॉलीक्लीनिक में स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ भूतपूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों से जुड़ी अन्य आवश्यक सुविधाएं भी एक ही परिसर में उपलब्ध करवाने का प्रयास किया गया है। इससे पूर्व सैनिक परिवारों को अलग-अलग स्थानों के चक्कर नहीं काटने पड़ रहे हैं।करीब साढ़े आठ कनाल क्षेत्र में स्थापित ईसीएचएस पॉलीक्लीनिक परिसर में चिकित्सा सेवाओं के अलावा सीएसडी कैंटीन की सुविधा भी उपलब्ध है। इसके साथ ही रक्षा मंत्रालय के नमन प्रोजेक्ट के तहत भूतपूर्व सैनिकों के पेंशन संबंधी मामलों के समाधान के लिए निशुल्क परामर्श केंद्र भी संचालित किया जा रहा है। इससे जिले के हजारों पूर्व सैनिक परिवारों को सीधा लाभ मिल रहा है।

