चिंतपूर्णी,विकास-: विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचने वाले बुजुर्ग और दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर है। मंदिर परिसर में तकनीकी खराबी के कारण बंद पड़ी लिफ्ट को मंगलवार दोपहर बाद ठीक करवा दिया गया। लिफ्ट सेवा बहाल होने के बाद अब शारीरिक रूप से असमर्थ श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचने के लिए सीढ़ियां चढ़ने की परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी।जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ समय से लिफ्ट में तकनीकी खराबी आने के कारण बुजुर्ग और दिव्यांग श्रद्धालुओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। माता के दरबार तक पहुंचने के लिए उन्हें सीढ़ियों का सहारा लेना पड़ रहा था। श्रद्धालुओं की समस्या को देखते हुए मंदिर न्यास ने मंगलवार को तत्काल कार्रवाई की और ओटिस लिफ्ट कंपनी के तकनीकी कर्मचारियों को बुलाकर लिफ्ट की मरम्मत करवाई।
मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद लिफ्ट को दोबारा श्रद्धालुओं के लिए शुरू कर दिया गया। इससे खास तौर पर बुजुर्ग, दिव्यांग और चलने-फिरने में असमर्थ श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली है।मंदिर न्यास की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ‘सुगम दर्शन प्रणाली’ संचालित की जा रही है। इस व्यवस्था के तहत निर्धारित पास के माध्यम से श्रद्धालुओं को लिफ्ट की सुविधा देकर सीधे मंदिर परिसर तक पहुंचाया जाता है। बुजुर्ग और दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए एक अटेंडेंट के साथ इस सुविधा का शुल्क 100 रुपये निर्धारित है।वहीं, अन्य श्रद्धालुओं से सामान्य दिनों में 300 रुपये तथा अधिक भीड़ वाले दिनों में 500 रुपये शुल्क लिया जाता है। लिफ्ट सेवा बहाल होने के बाद अब बुजुर्ग और दिव्यांग श्रद्धालु बिना अधिक शारीरिक परेशानी के सुगम दर्शन प्रणाली का लाभ उठाते हुए मां चिंतपूर्णी के दरबार में पहुंचकर पूजा-अर्चना कर सकेंगे।
