संजु चौधरी,शिमला:हिमाचल प्रदेश में प्री-मानसून की बारिश से लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया हैं। बारिश से एक ओर जहां नुकसान हो रहा हैं तो वहीं अब सब्जियों के दामों पर भी इसका खासा असर देखने को मिल रहा हैं। बारिश के कारण सब्जियों के दाम आसामान छूने लगे हैं। टमाटर तो रसोई की पहुंच से दूर हो गया हैं। एक सप्ताह पहले तक 30-40 रुपए प्रति किलो के भाव बिकने वाला टमाटर अब 80-100 रुपए प्रति किलो बिक रहा हैं। अचानक टमाटर के दाम 100 रुपए प्रति किलो तक पहुंचने से लोग परेशान हैं। इसके अलावा अन्य हरी सब्जियों के दाम में भी उछाल आ गया हैं।
शिमला सब्जी मंडी में सब्जी खरीदने पहुंचे लोगों ने बताया कि टमाटर के दाम बढ़ने से टमाटर उनकी खरीद से बाहर पहुंच गया हैं। अन्य सब्जियों के दाम भी बढ़ गए हैं। वहीं लोगों का ये भी कहना है कि के बढ़े हुए दामों का फायदा किसानों को कम जबकि आढ़तियों को ज्यादा मिल रहा हैं।
वहीं दुकानदारों का कहना है कि भारी बारिश के कारण हिमाचल प्रदेश में बाहरी राज्यों से टमाटर आना बंद हुआ हैं। टमाटर की फसल भी बारिश के कारण बर्बाद हुई हैं, जिस कारण ये दाम बढ़े हैं। बारिश का सिलसिला लगातार जारी रहा तो दामों में वृद्धि जारी रहेगी। वहीं इससे प्रदेश के टमाटर की खेती करने वाले किसानों को फायदा हो रहा हैं, क्योंकि बाहर से टमाटर की सप्लाई बाधित हो रही हैं। भारी बारिश का सिलसिला जारी रहा दो ये दाम और बढ़ सकते हैं।
