नाहन : देवेंद्र कुमार – काला अंब स्थित मारकंडा नदी पर बने हिमाचल और हरियाणा को जोड़ने वाले पुल पर वाहनों की आवाजाही को बंद कर दिया गया है। जिसकी वजह से हरियाणा से आने वाले मजदूरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बरसात के चलते एहतियात के तौर पर बंद की गई आवाजाही
दरअसल हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र काला अंब को हरियाणा से जोड़ने वाले मारकंडा पुल के क्षतिग्रस्त होने की वजह से इस पुल पर से वाहनों की आवाजाही को बंद कर दिया गया है। हालांकि आज सुबह छोटे वाहनों को पुल से गुजरने की अनुमति दी जा रही थी लेकिन दोपहर बाद सभी वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक पिछले 4 दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण मारकंडा नदी का बहाव बढ़ जाने से पुल का एक पिलर पूरी तरह से खाली हो चुका है।जिसकी वजह से पुल को खतरा पैदा हो गया है। इसलिए एहतियात के तौर पर प्रशासन ने इस पुल पर से वाहनों की आवाजाही को बंद कर दिया है। वाहनों की आवाजाही बंद होने के कारण हरियाणा और विक्रम बाग की तरफ से काला अंब औद्योगिक क्षेत्र में आने वाले मजदूरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस क्षेत्र से हजारों की संख्या में मजदूर यहां काम करने के लिए पहुंचते हैं जिनको फिलहाल अब या तो नदी पार करके या फिर अन्य मार्ग से सफर तय करना पड़ेगा।
