सोलन/योगेश शर्मा: शुक्रवार को सोलन पहुंचे हरोली विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक और वरिष्ठ कांग्रेस नेता मुकेश अग्निहोत्री ने कांग्रेस को पूर्ण बहुमत मिलने पर जनता का धन्यवाद किया है । मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कोई भी विधायक कांग्रेस का बिकने वाला नहीं है। अग्निहोत्री ने कहा कि कांग्रेस के 40 के 40 विधायक कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़कर जीते हैं। ऐसे में बिकने का सवाल ही पैदा नहीं होता है।
एक सवाल के जवाब में मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि विधायक दल की बैठक शिमला में होने वाली है। ऐसे में उसमें सभी 40 कांग्रेस के विधायक मौजूद रहने वाले हैं। उन्होंने कहा कि सुखविंदर सिंह सुक्खू वरिष्ठ कांग्रेस नेता है और प्रचार कमेटी के चेयरमैन भी रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कोई भी बने लेकिन बनेगा तो कांग्रेस का ही नेता।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता ने जो जीत के लिए उन्हें समर्थन प्रदेश भर में दिया है उस पर खरा उतरने का प्रयास कांग्रेस करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पिछले 5 साल में भाजपा ने सत्ता भोगने की राजनीति ने हर वर्ग को दुःखी किया गया है। ऐसे में प्रदेश की जनता ने इसका जवाब अपने मत का प्रयोग कर भाजपा को दे दिया है।
