शिमला (एकता): हिमाचल विधानसभा चुनावों के बाद अब मुख्यमंत्री पद के दावेदार को लेकर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला में कांग्रेस के विधायकों की बैठक शुरू होने वाली है।

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और हिमाचल कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला शिमला पहुंच गए हैं। राज्य प्रभारी राजीव शुक्ला वे कहा कि देवताओं के आशीर्वाद से हमें देवभूमि में बहुमत प्राप्त हुआ। हम लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करेंगे। हमने निर्वाचित विधायकों को बुलाया है, और उनके साथ एक अनौपचारिक बैठक करके हम पार्टी आलाकमान को सूचित करेंगे। हाईकमान जो भी फैसला करेगा वही फाइनल होगा। वहीं दूसरी ओर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने तीनों का शिमला पहुंचने पर स्वागत किया।
मीडिया सूत्रों के अनुसार पूर्व कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष और नादौन से कांग्रेस विधायक सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि पहले लोग मुझसे एक ही सवाल पूछते थे हिमाचल में कांग्रेस किसके नेतृत्व में चुनाव लड़ेगी। मैंने कहा कि यह सामूहिक नेतृत्व में किया जाएगा। विचारधारा सर्वोच्च है और पद बाद में आता है। हमारे पास एक मुख्यमंत्री होगा। चुनाव लड़ने वालों को ही हाईकमान मुख्यमंत्री बनाएगा।
