विकास शर्मा, चिंतपूर्णी: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला में स्थित विश्व विख्यात शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी के दरबार में आने वाले श्रद्धालुओं को अब माता रानी के दर्शनों के साथ ही म्यूजियम में भी घूमने का मौका मिलेगा। सरकार की ओर से म्यूजियम की सौगात यहां मिलने जा रही हैं। इसके लिए भाषा कला एवं संस्कृति विभाग ने 11.20 करोड़ की राशि स्वीकृत की हैं। संवर्धित वास्तविकता और आभासी वास्तविकता (एआर बीआर) तकनीक से लैस प्रदेश का यह पहला म्यूजियम होगा।
बाबा माई दास सदन में बनने वाला माता चिंतपूर्णी का म्यूजियम धार्मिक और सांस्कृतिक थीम पर आधारित होगा। उम्दा तकनीक के कारण यहां श्रद्धालुओं पर श्री दुर्गा चालीसा, फ्लिप बुक का एहसास कर पाएंगे। इसके अलावा चिंतपूर्णी मंदिर के बारे में जुड़ी तीनों कथाओं को भी इस में दर्शाया जाएगा। इसमें सती माता की कहानी भी दिखाई जाएगी। इसके अलावा भक्त माता माई दास की कहानी भी दिखाई जाएगी जिसमें माता चिंतपूर्णी की छपरोह में प्रकट होने की कहानी होगी।
म्यूजियम में चिंतपूर्णी मंदिर में उसके चारों ओर स्थित महादेव मंदिरों के मॉडल भी बनाए जाएंगे। हिमाचल प्रदेश के त्यौहार, परिधान और संस्कृति को भी इस म्यूजियम में दर्शाया जाएगा। यह म्यूजियम नया बस स्टैंड के पास स्थित बाबा श्री माईदास सदन में 1000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में बनेगा। वर्ष 2023 में इसका निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा और 2024 के पहले क्वार्टर में इसे ऑपरेशनल करने का लक्ष्य रखा गया है इसके अलावा इस म्यूजियम में 3D थियेटर भी होगा करीब 20 से 25 लोगों की क्षमता वाले इस क्षेत्र में मां चिंतपूर्णी धाम की कहानी दिखाने के अलावा संस्कृति पर्यटन के बारे में फिल्म दिखाई जाएगी।
डीसी ऊना राघव शर्मा ने बताया यह प्रदेश का पहला मॉडर्न बिल्डिंग होगा जिसमें चिंतपूर्णी मंदिर के अलावा धार्मिक कथाएं प्रदर्शित होंगी। तकनीक के सहारे इसे बेहतरीन ढंग से प्रदर्शित किया जाएगा। लाइट प्रोजेक्शन समेत अन्य चीजों का भी इस्तेमाल किया जाएगा।
