अरविंदर सिंह, हमीरपुर: हिमाचल में विधानसभा चुनावों को लेकर टिकट आबंटन होने से पहले ही नेता टिकट की दावेदारी पेश करने में लगे है। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के गृह जिला हमीरपुर से जिला परिषद उपाध्यक्ष नरेश कुमार दर्जी ने चुनाव लड़ने की बात कही है। नरेश ने हमीरपुर में पत्रकार वार्ता कर यह ऐलान कर दिया है की अगर पूर्व मुख्यमंत्री धूमल हमीरपुर विधानसभा से चुनाव लड़ते है तो नरेश कुमार दर्जी चुनाव नहीं लड़ेगा और अगर पूर्व मुख्यमंत्री धूमल चुनाव नहीं लड़ेंगे तो इस बार उनकी ओर से चुनाव लड़ा जाएगा।
उन्होंने कहा कि अगर बीजेपी टिकट देती है तो पांचों सीटों पर जीत भाजपा को दिलवाई जाएगी और अगर टिकट नहीं मिलती है तो आजाद उम्मीदवार के तौर पर ही वह चुनावी मैदान में उतरेंगे। नरेश कुमार ने कहा की वह विधानसभा चुनावों की तैयारी में जुटे है और चुनावों में हमीरपुर की जनता का भरपूर सहयोग मिलेगा। उन्होंने दावा किया है कि हमीरपुर विधानसभा की जनता का अपार समर्थन उन्हें मिल रहा है।
दर्जी ने कहा है कि वह हमीरपुर के लिए काम करेंगे और हमीरपुर बस अडडे का निर्माण करने के साथ ही अस्पतालों की दशा को सुधारा जाएगा ओर गरीब परिवारों की हर संभव सहायता की जाएगी। नरेश कुमार दर्जी ने कहा कि विज़न दर्जी में हर वर्ग के लोगों का ख्याल रखा जाएगा और सरकारी नौकरियों में सबसे पहले विधानसभा क्षेत्रों के युवाओं को रोजगार दिया जाएगा। कम से कम हर घर में एक सरकारी नौकरी करने वाला होगा। उन्होंने कहा कि अस्पताल में मरीजों को सभी सुविधाएं मिले इसके लिए काम किया जाएगा।
