मंडी,धर्मवीर(TSN)-देश में आजादी और श्रमिक आंदोलनों में सीपीआई के वीरों ने भी अपना अहम योगदान दिया है और हमेशा ही सीपीआई मजदूर और किसान हितैषी रही है। यह बात मंडी में आयोजित सीपीआई के राज्य स्तरीय शताब्दी समारोह के दौरान पार्टी की राष्ट्रीय परिषद सदस्य व नेशनल फेडरेशन ऑफ इंडियन वुमेन की राष्ट्रीय महासचिव निशा सिद्धू ने कही। वीरवार को मंडी में आयोजित दो दिवसीय कार्यक्रम का समापन हो गया जिसमें कई नेताओं ने भाग लिया।
समापन समारोह में मुख्य वक्ता के तौर पर उपस्थित निशा सिद्धू ने बताया कि जो कार्य बीते 100 वर्षों में पार्टी के द्वारा किया गया है उसका प्रचार प्रसार इस शताब्दी वर्ष में घर-घर जाकर किया जाएगा ताकि लोगों में वामपंथ के खिलाफ फैले किसी भी प्रकार के भ्रम को भी दूर किया जा सके।उन्होंने बताया कि सीपीआई हमेशा ही मजदूर और किसान हितैषी रही है और इनके समर्थन में किसी भी आंदोलन से पीछे नहीं हटी।उन्होंने बताया कि इस वर्ष में पार्टी के जितने भी लोगों ने अपनी जान गंवाई है उनके संघर्ष की कहानी को जनता तक पहुंचाया जाएगा। इसी के साथ पार्टी के द्वारा जन आंदोलनों में मिली विजय गाथा को भी लोगों के साथ साझा किया जाएगा।निशा ने कहा कि इसके साथ ही पार्टी की सदस्यता और मजबूती के लिए भी कार्य जोरों पर किया जाएगा।
वहीं पूछे गए सवाल के जवाब में निशा सिद्धू ने कहा कि आज कुछ लोग देश में नफरत की राजनीति कर रहे हैं जो कि सही नहीं हैं।उन्होंने कहा कि कुछ दल अंबेडकर जी पर भी कई प्रकार की बातें और टिप्पणी कर रहे हैं जो निंदनीय है। उन्होंने बताया कि जो देश की सांझा शहादत और सांझा विरासत की बात थी उसे आज भुलाया जा रहा है और जनता पर नफरत की राजनीति को थोपा जा रहा है। उन्होंने बताया कि कौन देश द्रोही है और कौन नहीं है यह देश की जनता जानती है। उन्होंने बताया कि सीपीआई जनता के मुद्दों को लेकर आंदोलन करती रही है और आने वाले समय में भी सरकार के देश, मजदूर और किसान विरोधी फैसलों का विरोध जारी रहेगा।
वहीं इससे पूर्व मंडी में संपन्न हुए सीपीआई के दो दिवसीय राज्य स्तरीय समारोह के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। समापन के दौरान शहर के सेरी मंच पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया।इसके बाद एक रैली भी निकाली गई। इसके उपरांत दिवंगत पार्टी सदस्यों को पुष्पांजली देकर याद किया गया और वर्तमान में बेहतर कार्य करने वाले सदस्यों को सम्मानित भी किया गया।इस समारोह में प्रदेश भर के कामरेडों ने भाग लिया।
