Shimla, Sanju-प्रदेश के कृषि मंत्री चौधरी चंद्र कुमार ने युवा नेता नीरज भारती की हालिया फेसबुक पोस्ट को लेकर स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने बताया कि नीरज भारती की कुछ व्यक्तिगत शिकायतें थीं, जिन्हें आपसी बातचीत के जरिए सुलझा लिया गया है। अब इस्तीफे की कोई नौबत नहीं है। चंद्र कुमार ने कहा कि नीरज एक उत्साही और जुझारू नेता हैं, जो कभी-कभी भावुक होकर तीखी बातें कर जाते हैं।
कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने ट्रांसफर नीति पर उठाए सवाल
मंत्री ने प्रदेश में ट्रांसफर मामलों को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि ट्रांसफर अब एक फुल-टाइम काम बन गया है, खासकर कार्यकर्ताओं के लिए। कई बार लोग इसमें गलत तरीके से शामिल हो जाते हैं, जिससे यह गंभीर समस्या बनती जा रही है। शिक्षा विभाग में तो यह स्थिति और भी गंभीर है। चंद्र कुमार ने स्वीकार किया कि प्रदेश में ट्रांसफर नीति की स्पष्टता का अभाव है, जिसके कारण यह समस्या और विकराल रूप ले रही है। हालांकि इस पर कई बार विचार हुआ और कमेटियां भी बनीं, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया।कृषि मंत्री ने यह भी कहा कि नीरज भारती दो बार विधायक रह चुके हैं और सीपीएस भी रह चुके हैं। उनका अनुभव और सोच है, लेकिन वे कभी-कभी भावनाओं में बह जाते हैं।
इसके अलावा मंत्री चंद्र कुमार ने 2023 की प्राकृतिक आपदा को लेकर केंद्र सरकार से मिली राहत राशि पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि ₹2006 करोड़ की राशि प्रदेश के नुकसान की तुलना में ऊंट के मुंह में जीरे के समान है। उन्होंने केंद्र से और सहयोग की अपेक्षा जताई।
