Chintpurni,Vikas -:चिंतपूर्णी में हॉस्पिटैलिटी सेक्टर ने तकनीक की दिशा में एक नया कदम बढ़ाया है। लॉर्ड स्टूडियो इन रेस्टोरेंट ने अपने मेहमानों के लिए रोबोटिक सर्विस की शुरुआत कर एक अनोखा और आधुनिक अनुभव पेश किया है। यह चिंतपूर्णी का पहला ऐसा रेस्टोरेंट बन गया है, जहां गेस्ट को खाना परोसने की जिम्मेदारी रोबोट निभा रहे हैं।
रेस्टोरेंट प्रबंधन के अनुसार, फिलहाल दो रोबोट सर्विस के लिए लगाए गए हैं, जो टेबल तक खाना पहुंचाने का काम कर रहे हैं। रेस्टोरेंट मैनेजर अश्विनी राणा ने बताया कि यह पूरी तरह से तकनीक आधारित प्रयोग है, जिसे ग्राहकों की प्रतिक्रिया के आधार पर आगे और विस्तार दिया जाएगा। यदि यह पहल सफल रहती है, तो भविष्य में और रोबोट शामिल किए जाएंगे।
ये रोबोट मोबाइल ऐप के माध्यम से संचालित किए जाते हैं। स्टाफ द्वारा ऐप में कमांड डालते ही रोबोट निर्धारित टेबल तक भोजन पहुंचा देता है। इससे न केवल सर्विस तेज हुई है, बल्कि गेस्ट के लिए यह अनुभव बेहद आकर्षक और यादगार भी बन रहा है। खासकर बच्चे और युवा इस नई तकनीक को लेकर काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं।लॉर्ड स्टूडियो इन ग्रुप हमेशा से अपनी बेहतरीन सर्विस और नए प्रयोगों के लिए जाना जाता है। प्रबंधन का कहना है कि उनका उद्देश्य ग्राहकों को आरामदायक, आधुनिक और उच्च गुणवत्ता वाली सेवाएं प्रदान करना है। रोबोटिक सर्विस उसी सोच का हिस्सा है, जो होटल और रेस्टोरेंट इंडस्ट्री में बदलते समय के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है।यह पहल न केवल चिंतपूर्णी बल्कि आसपास के क्षेत्रों में भी चर्चा का विषय बनी हुई है और भविष्य में अन्य रेस्टोरेंट्स के लिए प्रेरणा साबित हो सकती है।
