सोलन/योगेश शर्मा: ओल्ड पेंशन स्कीम बहाली की मांग को लेकर पिछले 8 दिनों से कर्मचारी क्रमिक अनशन पर है, हर जिला मुख्यालय पर कर्मचारियों द्वारा रोजाना चार से पांच कर्मचारी क्रमिक अनशन कर रहे हैं। रविवार को भी जिला सोलन में कर्मचारियों ने क्रमिक अनशन जारी रखा। खास बात यह है कि इस अनशन में न्यू पेंशनर कर्मचारी महिला विंग के कर्मचारी विशेष रूप से पहुंचे। महिला विंग की जिला प्रधान रेखा वर्मा ने बताया कि 16 से 17 साल की नौकरियां अबतक कर चुकी है, लेकिन जब वे रिटायर होगी तो सिर्फ हजार या दो हजार की पेंशन प्राप्त कर पाएगी।
कर्मचारियों का कहना है कि महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है। ऐसे में वे अपने बुढ़ापे को ध्यान में रखते हुए वे लोग लगातार ओपीएस बहाली की मांग कर रहे हैं। महिला विंग सोलन न्यू पेंशनर कर्मचारी की उपाध्यक्ष मोनिका आहूजा का कहना है कि जिस तरह से साल 2004 से पहले के कर्मचारियों को ओल्ड पेंशन स्कीम के तहत पेंशन दी जा रही है , उसी तर्ज पर अन्य कर्मचारियों को भी पेंशन दी जाए। कर्मचारियों ने दो टूक बात रखते हुए सरकार को कहा है कि कर्मचारी ही सरकार बनाते हैं ऐसे में कर्मचारियों के साथ भेदभाव ना करें।
कर्मचारी लीला का कहना है कि आज के दौर में सब्जी खरीदना भी महंगा हो चुका है। सिलेंडर यदि 1100 रुपए का आता है , तो घर पहुंचते हुए वहीं 1300 तक हो जाता है। ऐसे में यदि वे अपने बुढ़ापे को ध्यान में रखें तो आगामी दिनों में घर चलाना बेहद मुश्किल होने वाला है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि कर्मचारियों की मांगों पर ध्यान देकर जल्द उसे पूरा किया जाए।
