Summer express/शिमला,संजू-: शिमला के ऐतिहासिक पीटर हॉफ होटल में जिला शिमला के नव निर्वाचित पंचायत प्रधानों और उप प्रधानों के लिए शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी समारोह में शिरकत की। मुख्यमंत्री का कार्यक्रम में अचानक पहुंचना समारोह का मुख्य आकर्षण रहा, जिससे उपस्थित जनप्रतिनिधियों और लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
शपथ ग्रहण के बाद मुख्यमंत्री ने सभी प्रधानों और उप प्रधानों को प्रदेश को नशामुक्त बनाने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने विशेष रूप से चिट्टा जैसे घातक नशे के खिलाफ जनजागरूकता अभियान चलाने और युवाओं को इस बुराई से बचाने का संकल्प दिलाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि गांव स्तर पर समाज को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और नशे के खिलाफ उनकी भागीदारी बेहद जरूरी है।उन्होंने जनप्रतिनिधियों से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करने की अपील की। समारोह में बड़ी संख्या में नव निर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों ने भाग लिया और पंचायतों के विकास, सामाजिक सुधार तथा जनहित के मुद्दों पर मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
वहीं, शिमला के भट्टाकुफर क्षेत्र में सरस्वती पैराडाइज स्कूल की संचालिका मनीषा मित्तल की हत्या के मामले पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कोई टिप्पणी करने से इनकार किया। उल्लेखनीय है कि पुलिस को अभी तक इस मामले में कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है, जबकि स्थानीय लोग जल्द न्याय की मांग कर रहे हैं।
