Summer express/चम्बा,मंजूर पठान -:चम्बा जिले के चुराह क्षेत्र में हुए सनसनीखेज हत्या मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज तीन घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर नई मिसाल पेश की है। इस कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है और पुलिस की कार्यशैली की सराहना की है।
चम्बा के चुराह उपमंडल में हुए चर्चित हत्याकांड का पुलिस ने बेहद कम समय में खुलासा कर दिया है। जानकारी के अनुसार, एक युवक का कथित रूप से अपहरण कर उसे वाहन में ले जाया गया और देर रात कल्हेल पुल से नीचे फेंक दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और लोगों ने विरोध स्वरूप चक्का जाम कर दिया।मामले की गंभीरता को देखते हुए तीसा थाना प्रभारी अशोक चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम तुरंत सक्रिय हुई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की तथा विभिन्न स्थानों पर नाकाबंदी कर संदिग्धों की तलाश तेज कर दी। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने महज तीन घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को उनके ठिकानों से गिरफ्तार कर लिया।पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने संतोष व्यक्त किया और कानून व्यवस्था पर विश्वास जताया। थाना प्रभारी ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को भरोसा दिलाया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और घटना से जुड़े हर पहलू का खुलासा किया जाएगा।गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, मामले में आगे की पूछताछ जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस हत्या में अन्य लोग शामिल थे या नहीं। क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
