संजीव महाजन,नूरपुर: नूरपुर विधानसभा के तहत ग्राम पंचायत मिल्ख पंचायत के विजय कुमार पिछले 5 दिनों से लापता चल रहे हैं। अभी तक विजय का कोई भी सुराग नहीं लग पाया हैं, जिससे विजय का परिवार बेहद परेशान हैं। घर पर जहां विजय की मां उसका इंतजार कर रही है तो वही बीवी बच्चे भी विजय की राह देख रहे हैं लेकिन पुलिस को अभी तक लापता विजय का कोई सुराग नहीं लग पाया हैं।
लगभग पांच दिन पूर्व विजय कुमार,सुपुत्र होशियार सिंह सुबह यह कहकर घर से निकला था कि भडवार स्थित नागनी माता के मंदिर में माथा टेकने जा रहा हैं। मगर शाम तक जब घर नहीं लौटा तो परिवार वालों ने विजय की तलाश शुरू कर दी मगर देर रात तक जब कहीं पता नहीं चला तो पुलिस थाना नूरपुर में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवा दी गई। पुलिस ने मोबाइल की लोकेशन से ढूंढने का प्रयास किया मगर पांचवें दिन भी कहीं कोई सुराग नहीं मिला हैं। विजय की लाचार मां कि आंखों में अभी भी एक आस बाकी है कि उनका बेटा घर वापिस लौटेगा ।
पंचायत प्रधान अंजू देवी ने बताया कि जैसे ही हमें परिवार जनों ने फोन किया तो हम सब ने विजय को ढूंढने की कोशिश की और मैंने अपने वार्ड मेंबर के साथ ओर घरवालों के साथ नूरपुर पुलिस स्टेशन में विजय कुमार की गुम होने की रिपोर्ट लिखवाई हैं। पुलिस ने तुरंत विजय की तलाश करना शुरू कर दी हैं। इसके साथ ही हम सारी पंचायत ने मिलकर अलग-अलग जगह उसे ढूंढना शुरू कर दिया हैं और अभी भी ढूंढ रहे हैं। पुलिस अपनी तरफ से विजय को तलाशने में सहयोग कर रही हैं।
विजय कुमार की माता कमलेश देवी ने कहा कि मेरा बेटा मुझे कहने लगा कि नागनी माता जाना हैं। मैंने मना किया। जब वह नहीं माना तो मैंने कहा कि अपनी पत्नी को साथ ले जा तो उसे ले जाने को मना कर दिया। मुझे भी मना कर दिया और वह चला गया और हमें कहा कि मैं जल्दी वापिस आ जाऊंगा, पर वह नहीं आया। देर शाम तक जब विजय घर नहीं पहुंचा तो हमने हमने फ़ोन भी किया उसने नहीं उठाया। इसके बाद हम सब उसे ढूंढने नागनी माता मंदिर गए पर वह वहां नहीं मिला तो हम घर आ गए। इसके बाद नूरपूर पुलिस थाना में गए ओर वहां विजय के गुम होने की रिपोर्ट लिखवाई । पुलिस अपनी तरफ से कोशिश कर रही पर मेरी सभी लोगों से अपील है कि अगर किसी को कहीं भी विजय के बारे में कोई जानकारी मिले तो हमें जरुर बताएं ।
वहीं इस मामले में नूरपुर डीएसपी विशाल वर्मा ने कहा कि लापता युवक को ढूंढने के लिए पुलिस हर संभव प्रयास कर रही हैं। ड्रोन व डाग स्क्वायड की भी मदद ली गई हैं। बहुत जल्द लापता हुए युवक का पता लगा लिया जाएगा।
