संजीव महाजन, नूरपूर: प्रदेश में कांग्रेस सरकार की ओर से पूर्व में भाजपा सरकार की ओर से खोले गए संस्थानों और कार्यालयों को बंद किया जा रहा हैं। इसका विरोध भाजपा की ओर से जताया जा रहा हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को पूर्व की भाजपा सरकार की ओर से ज्वाली में खोले गए पटवार सर्किल सोलदा व जांगल, सिविल अस्पताल ज्वाली को 100 बैड करने, बीडीओ कार्यालय ज्वाली, राजकीय आईटीआई कोटला, राजकीय डिग्री कॉलेज कोटला को सत्तासीन कांग्रेस सरकार की ओर से डिनोटिफाइड करने से ज्वाली भाजपा उग्र हो गई हैं।
ज्वाली भाजपा ने इसके विरोधास्वरूप कांग्रेस सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। ज्वाली भाजपा ने भाजपा नेता संजय गुलेरिया के नेतृत्व में एसडीएम ज्वाली महेंद्र प्रताप सिंह के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर मांग उठाई है कि मौजूदा कांग्रेस सरकार के ऐसे निर्णयों पर रोक लगाई जाए ओर जनहित में संस्थानों को डिनोटिफाइड न किया जाए।
भाजपा कार्यालय लंब से लेकर भाजपा नेता संजय गुलेरिया के नेतृत्व में मिनी सचिवालय ज्वाली तक रैली निकाली गई जिसमें सरकार के विरोध में नारेबाजी की गई। भाजपा नेता संजय गुलेरिया ने कहा कि प्रदेश की सत्तासीन कांग्रेस सरकार बदले की भावना से कार्य कर रही है ओर पूर्व की भाजपा सरकार की ओर से खोले गए संस्थानों को बंद करने पर तुली हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सत्तासीन सरकार ऐसा करके जनता का ध्यान 10 गारंटियों से भटका रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पहले अपने ओर से दी गई गारंटियों को पूरा करें।
