मंडी,7 नवंबर (TSN)-नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर लगातार कांग्रेस सरकार की गारंटियों को लेकर निशाना साध रहे हैं.वहीं एक बार फिर उन्होंने कहा कि हिमाचल की तरह झारखंड के विधानसभा आम चुनाव में कांग्रेस और अन्य दलों के समूह इंडी गठबंधन ने अपनी गारंटियों का पिटारा फिर से खोल दिया है।अब झारखंड में भी हिमाचल वाली पैंतरेबाजी की जा रही है। जिस तरह कांग्रेस ने हिमाचल में झूठी गारंटियों के दम पर प्रदेश के लोगों को ठगा था उसी तरह से अब झारखंड में भी विधानसभा के चुनाव में गारंटियों के दम पर लोगों को बरगलाना चाहती है।
झारखंड के लोगों को सपने दिखा रही कांग्रेस
जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस द्वारा हिमाचल में दी गई गारंटियों की वजह से पूरे देश में कांग्रेस के गारंटी मॉडल की किरकिरी हुई है।अब तो हिमाचल में कांग्रेस के नेता प्रदेशवासियों का सामना भी नहीं कर पा रहे हैं।हिमाचल में पूर्व सरकार द्वारा प्रदेश के लोगों के इलाज के लिए हिम केयर जैसी योजना चलाई गई थी।हिम केयर कार्ड अपनी जेब में रखकर गरीब से गरीब आदमी बड़े से बड़े अस्पताल में निश्चिंत होकर जाता था और स्वस्थ होकर आता था।लेकिन सुक्खू सरकार ने हिम केयर योजना का बंटाधार कर दिया। और अब कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष समेत इंडिया ब्लॉक के नेता झारखंड के लोगों को 15 लाख का इलाज फ्री देने का झांसा दे रहे हैं।कांग्रेस के आला कमान को सबसे पहले हिमाचल के मुख्यमंत्री से यह पूछना चाहिए कि उन्होंने हिम केयर जैसी जीवनदायी योजना का बंटाधार क्यों किया? उन्होंने कहा कि हरियाणा की तरह ही झारखंड की जनता इंडी गठबंधन को जवाब देगी।
जयराम ठाकुर ने कहा कि एक कल्याणकारी राज्य का काम होता है कि वह प्रदेश के लोगों के हितों के लिए काम करें। जब प्रदेश ने भारतीय जनता पार्टी को मौका दिया तो उन्होंने बिना कोई गारंटी दिए ऐतिहासिक काम किए।
