मंडी,धर्मवीर(TSN)-चिकित्सा व अनुसंधान की ओर एक और कदम बढ़ाते हुए अटल मेडिकल रिसर्च यूनिवर्सिटी ने नए पीएचडी कोर्स शुरू करने का निर्णय लिया है।जिसमें यूनिवर्सिटी आयुर्वेद,नर्सिंग,फार्मेसी और डेंटल सांइसेज में पीएचडी के कोर्स शामिल हैं।अकादमिक परिषद की बैठक में इन कोर्सिज को हरी झंडी मिलने के बाद बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट को अप्रूव्ल के लिए भेजा गया है।अप्रूव्ल मिलने के बाद इसी वर्ष इन कोर्सिज को शुरू भी कर दिया जाएगा।
इसी वर्ष से पीएचडी के लिए दाखिला प्रक्रिया शुरू करेगी मेडिकल यूनिवर्सिटी
जानकारी देते हुए अटल मेडिकल रिसर्च यूनिवर्सिटी मंडी के वॉयस चांसलर डा.सुरेंद्र कश्यप ने बताया कि यूनिवर्सिटी द्वारा विभिन्न एफिलिएटिड संस्थानों के माध्यम से आयुर्वेद,नर्सिंग, फार्मेसी और डेंटल साइंसेज में मास्टर कोर्स करवाए जा रहे हैं लेकिन इन्हें पीएचडी कोर्स की सुविधा अभी तक उपलब्ध नहीं थी।यूनिवर्सिटी का उद्देश्य रिसर्च पर अधिक ध्यान देना है और इसके लिए इन क्षेत्रों में पीएचडी कोर्स का शुरू होना जरूरी है।इसी बात को ध्यान में रखते हुए अब इनमें पीएचडी कोर्स शुरू करने का निर्णय लिया गया है।उन्होंने बताया कि यूनिवर्सिटी ने इसी वर्ष पीएचडी में दाखिले की प्रक्रिया को हर हाल में शुरू करना है।
डा.सुरेंद्र कश्यप ने बताया कि अटल मेडिकल रिसर्च यूनिवर्सिटी से एफिलिएटेड संस्थान पीएचडी कोर्स करवा सकेंगे,लेकिन इसके लिए उन्हें आवेदन करना होगा।आवेदन के बाद यूनिवर्सिटी की टीम उस संस्थान का विस्तृत दौरा करके वहां पीएचडी कोर्स से संबंधित सुविधाओं का जायजा लेगी। इसमें यूनिवर्सिटी की तरफ से एक व्यवस्था यह भी की गई है कि यदि यहां किसी संस्थान के पास इस प्रकार की उच्च स्तरीय सुविधाएं नहीं हैं तो वे प्रदेश के या प्रदेश के बाहर के दूसरे बड़े संस्थानों के साथ एमओयू साईन करके भी इन कोर्स के लिए आवेदन कर सकेंगे।सभी सुविधाओं पर जो संस्थान खरा उतरेगा उसे ही पीएचडी कोर्स की अनुमति प्रदान की जाएगी।
