अरविंदर सिंह, हमीरपुर: प्रदेश में अभी तक जहां कांग्रेस की ओर से भाजपा सरकार को अमृत महोत्सव के तहत करवाए जा रहे आयोजनों में फिजूलखर्ची पर घेरा जा रहा था तो अब इसी दौड़ में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी भी शामिल हो गई है। मार्क्सवादी की जिला कमेटी ने भी भाजपा पर प्रदेश में चुनावों के मद्देनजर युवा सम्मेलन, महिला सम्मेलन, अनुसूचित सम्मेलन करवाने के लिए सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है। उन्होंने इसकी कड़े शब्दों में निंदा की है ओर कहा कि प्रदेश की वित्तीय हालत खराब है ओर आज भी प्रदेश पर करोड़ो का कर्जा है फिर भी भाजपा सरकार अपनी राजनीतिक रोटियां सेकने के लिए सरकारी धन का दुरुपयोग कर रही है।
सीटू राज्य सचिवमंडल सदस्य कश्मीर सिंह ठाकुर ने कहा कि महिलाओं के सम्मेलन के लिए सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर भाजपा सम्मेलन में बुलाया जा रहा है। उन्हीं महिलाओं का महंगाई के कारण चूल्हा चौका चलाना मुश्किल हो गया है। वर्ष 2014 में जो रसोई गैस का सिलेंडर 430 रुपए का था आज वो 1150 रुपए का हो गया है। आटा,चावल, दाल, तेल पहले से दोगुने दाम में सरकार बेच रही है सरसों का तेल 200 लीटर बिक रहा है जो कि पहले 70 से 80 में बिकता था। खाद की कीमतें सरकार ने बढ़ा दी है। पेट्रोल और डीजल 95 से 100 रुपए प्रति लीटर बेचा जा रहा है। सरकार ने सभी विभागों में नौकरियां खत्म कर दी है और जहां भी पुलिस व अन्य विभाग में नौकरी मिलती है तो पेपर पहले ही लीक हो जाता है।
भाजपा सरकार डबल इंजन सरकार का दावा करती है परंतु इस डबल इंजन सरकार में आज ईंधन ही नहीं है क्योंकि आज मनरेगा मजदूरों को मजदूरी नहीं मिल रही है। मनरेगा के काम में सीमेंट और रेत बजरी का पैसा नहीं आ रहा है। हिमाचल प्रदेश परिवहन निगम से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को कई महीनों तक पेंशन और अन्य कर्मचारियों को नियमित वेतन नहीं मिल रहा है। भाजपा सरकार की ओर से सरकारी मशीनरी का उपयोग करके लाभार्थियों के सम्मेलन करने से पता चलता है कि भाजपा सरकार जनता से जनाधार खो चुकी है। जनता में महंगाई,बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और भाई भतीजावाद के कारण चुनावों में भाजपा को हराने का मन बना चुकी है। पार्टी जिला कमेटी ने सरकार को चेताया है यदि उन्होंने सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग बंद नहीं किया और महंगाई और रोजगार के मसले पर ध्यान नहीं दिया तो पार्टी जिला स्तर पर भाजपा सरकार का जबरदस्त विरोध करेगी।
