हमीरपुर, अरविन्द-:हमीरपुर में एनएसयूआई के प्रदेशाध्यक्ष टोनी ठाकुर ने युवा कांग्रेस के समर्थन में मजबूती से खड़े होने की बात कही। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश इकाई हर स्तर पर युवा कांग्रेस का साथ देगी और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
टोनी ठाकुर ने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस के कुछ जवान बिना पूर्व सूचना के हिमाचल प्रदेश की सीमाओं में प्रवेश कर गए और महत्वपूर्ण दस्तावेज लेकर प्रदेश से बाहर जा रहे थे। उन्होंने कहा कि हिमाचल पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए तुरंत कार्रवाई की और संबंधित कर्मियों को रोककर उनसे पूछताछ की। इस तत्परता के लिए उन्होंने हिमाचल पुलिस का आभार व्यक्त किया।एनएसयूआई प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि किसी भी बाहरी राज्य की पुलिस को दूसरे राज्य में कार्रवाई से पहले स्थानीय प्रशासन को सूचित करना अनिवार्य है। बिना सूचना की गई ऐसी कार्रवाई संघीय ढांचे की भावना के विपरीत और निंदनीय है।उन्होंने युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानू चिब की गिरफ्तारी की भी आलोचना की। उनका कहना था कि इंडिया एआई समिट के दौरान हुए शर्टलेस प्रदर्शन को आधार बनाकर उदय भानू चिब को “मास्टरमाइंड” बताना और उन पर कार्रवाई करना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।टोनी ठाकुर ने कहा कि लोकतांत्रिक देश में शांतिपूर्ण विरोध करना नागरिकों का अधिकार है। विरोध के कारण देशद्रोह जैसे गंभीर आरोप लगाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि वर्ष 2010 के कॉमनवेल्थ गेम्स के दौरान भी विरोध प्रदर्शन हुए थे, लेकिन तब इस प्रकार के गंभीर आरोप नहीं लगाए गए थे।
