सचिन शर्मा, केलांग: प्रदेश में चुनावों को लेकर राजनीतिक दल सक्रिय हो चुके है। जनता के बीच जा कर उनकी समस्याओं को जानने के साथ ही कई जनसपंर्क कार्यक्रम भी किए जा रहे है। इसी बीच राजनीतिक दलों से संबंधित छात्र संगठन भी अब चुनावों में अपनी भूमिका को लेकर रणनीति तैयार करने में जुट गए है। इसी के तहत आज जिला मुख्यालय केलांग के समीप बिलिंग में एनएसयूआई की एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश के कांग्रेस के युवा नेताओं ने लाहौल-स्पीति युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के साथ विशेष चर्चा की।
कार्यशाला में छत्तीसगढ़ से आए निखिल द्विवेदी जो पूर्व में एनएसयुआई के हिमाचल प्रभारी भी रहे है ने युवाओं के साथ अपने विचार सांझा किए। आगामी विधानसभा चुनाव में युवाओं की क्या भूमिका होगी और किस तरह से युवा कार्यकर्ता पार्टी प्रत्याशी को चुनाव में जीत दिलवा सकता है, उसे लेकर रणनीति बनाई गई। इस दौरान कार्यशाला में मौजूद उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव सत्यवीर ने भी महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करते हुए युवाओं को मार्गदर्शन किया।
कार्यशाला में हिमाचल एनएसयूआई के राज्य महासचिव यासीन भट्ट और तुषार ने युवाओं के साथ आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर रोडमैप तैयार किया। एनएसयूआई के प्रदेशाध्यक्ष छत्तर सिंह ने युवाओं में जोश भरते हुए अपने विचार रखे और आगामी विधानसभा चुनावों में जी तोड़ मेहनत करने का आग्रह किया। रजत भारद्वज अध्यक्ष एनएसयूआई हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने भी अपने विचार सांझा करते हुए सोशल मीडिया के उपयोग पर युवाओं का मार्गदर्शन किया।
इस अवसर पर विशेष तौर पर मौजूद लाहौल स्पीति के पूर्व विधायक एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रवि ठाकुर ने एनएसयूआई कि इस कार्यशाला में मौजूद सभी युवा कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों का स्वागत किया और युवाओं की विधानसभा चुनावों में भूमिका पर प्रकाश डाला। रवि ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के युवा कार्यकर्ता जहां पार्टी का एक महत्वपूर्ण अंग है वहीं बात अगर एनएसयूआई छात्र संगठन की की जाए तो समय-समय पर इस छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं ने पार्टी को विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि युवा किसी भी राजनीतिक संगठन की वो शक्ति है, जो हमेशा अपने अपने संगठन को ऊंचाई तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान निभाती है। उन्होंने एनएसयूआई के इतिहास के बारे में भी युवा कार्यकर्ताओं को जानकारी दी।
