अरविंदर सिंह,हमीरपुर: आगामी विधानसभा चुनावों में युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए एनएसयूआई युवाओं के लिए अभियान चलाने जा रही है।इसके लिए एनएसयूआई प्रदेश में यूथ अगेंस्ट ड्रग्स अभियान की शुरुआत करने जा रही है। हमीरपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में एनएसयूआई प्रदेश महासचिव टोनी ठाकुर ने अपने इस अभियान के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि एनएसयूआई हमीरपुर के विभिन्न उच्च शिक्षण संस्थानों में जाकर नशे के दुष्प्रभावों के विरोध में हस्ताक्षर अभियान चलाएगी। यह अभियान एनएसयूआई पूरे हमीरपुर जिले में चलाएगी ताकि युवा पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों से बचाए रखने में सहायता मिले।
एनएसयूआई प्रदेश महासचिव टोनी ठाकुर ने कहा कि हिमाचल में चुनाव आने वाले है तो विभिन्न पार्टियों के लोग आमतौर पर नशा बांट कर चुनावों में माहौल अपने पक्ष में बनाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई किसी एक व्यक्ति या संगठन की नहीं है अपितु आने वाले युवा पीढ़ी के भविष्य की लड़ाई है। उन्होंने बताया कि जब एनएसयूआई ने पहले नशे के विरुद्ध स्कूल स्तर पर अभियान चलाया था तो लोगों का बहुत अच्छा सहयोग मिला था। इस बार भी कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए एनएसयूआई ने आम युवाओं से भी सहयोग मांगा है ।
