संजीव महाजन,नूरपुर:मानसून सीजन के दृष्टिगत प्रशासन की ओर से किसी भी प्राकृतिक आपदा से त्वरित प्रभाव से निपटने के लिए एसडीएम कार्यालय के कमरा नंबर-203 में कंट्रोल रूम स्थापित कर दिया गया हैं। यह जानकारी नूरपुर में एसडीएम गुरसिमर सिंह ने दी। उन्होंने कहा कि यह कंट्रोल रूम हर दिन 24 घंटे खुला रहेगा। उन्होंने बताया कि उपमंडल का कोई भी आमजन मानसून सीजन के दौरान आपातकाल की स्थिति में प्रशासन से किसी भी सहयोग के लिए कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 01893-220024 पर सीधा संपर्क कर सकता हैं।
एसडीएम ने बताया कि कंट्रोल रूम को 24 घंटे खुला रखने के लिए प्रशासन की ओर से स्टाफ की विशेष तैनाती की गई हैं,जो बारी-बारी से अपनी डयूटी देंगे। उन्होंने बताया कि कंट्रोल रूम में प्राप्त होने वाली हर जरूरी सूचना पर प्रशासन की ओर से त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए सभी विभागों को भी आवश्यक दिशानिर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि किसी भी आपदा को टाला नहीं जा सकता है, लेकिन बेहतर प्रबंधन व तालमेल से होने वाले नुकसान को कम किया जा सकता हैं। उन्होंने कहा कि आपदा के समय में त्वरित और प्रभावी एक्शन के लिए सभी विभाग बेहतर तालमेल बनाकर रखें।
उन्होंने बताया कि प्रशासन की ओर से सभी विभागों को बरसात के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने विभाग में एक-एक नोडल अधिकारी नियुक्त करने सहित इसकी संपूर्ण सूचना प्रशासन को उपलब्ध करवाने के भी निर्देश दिए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर उनसे संपर्क किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों से कहा है कि वह बरसात के मौसम के दौरान अपना फ़ोन स्विचऑफ ना रखें।
