संजीव महाजन,नूरपुर: निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिस ठेकेदार के विरुद्ध निर्माण कार्य में कोताही की जांच विजिलेंस के पास चल रही है ऐसे ठेकेदार को कोई भी कार्य आवंटित नहीं किया जाएगा। इसके अतिरिक्त ठेकेदार का कार्य तय मानकों के अनुरूप सही नहीं पाए जाने पर उसका भुगतान रोकने सहित उसे ब्लैक लिस्ट करने के भी अधिकरिओं को निर्देश जारी किए गए हैं। यह बात ज्वाली विधानसभा के विश्राम गृह में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक की में कृषि व पशुपालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने कही। उन्होंने बैठक में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता ओर समयबद्धता को सुनिश्चित बनाने के निर्देश दिए हैं।
कृषि मंत्री चन्द्र कुमार चौधरी ने कहा कि उन्होंने अधिकारियों से निर्माणाधीन कार्यों में तेजी लाने सहित इनकी गुणवत्ता पर किसी भी प्रकार का समझौता न करने पर बल दिया। उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति तथा गुणवत्ता जांचने के लिए समय-समय पर कार्यस्थलों का निरीक्षण करने को कहा।
चंद्र कुमार ने अधिकारियों को सरकारी भवनों के निर्माण व रखरखाव के लिए जमा राशि की टेंडर प्रक्रिया को भी प्राथमिकता पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में उनके पूर्व कार्यकाल में सड़कों व पुलों का जाल बिछाया गया है। इसके अतिरिक्त स्कूल भवनों सहित अन्य कार्यालय भवनों का निर्माण करवाया गया हैं। उन्होंन क्षेत्र की पुरानी सड़कों के बेहतर रखरखाब के भी अधिकारियों को निर्देश दिए।
चंद्र कुमार ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र का योजनाबद्ध तरीके से समग्र एवं स्थायी विकास उनकी प्रतिबद्धता हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़क, स्वच्छ पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना उनकी उच्च प्राथमिकता हैं। जिसके लिए धन की कोई कमी नहीं रखी जाएगी । इसके बाद कृषि मंत्री ने लोगों की समस्याएं सुनी और अधिकतर का मौके पर ही निपटारा कर दिया। जबकि शेष समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।
