राकेश,ऊना: जिला ऊना के एक निजी अस्पताल में युवक की मौत के बाद युवक के परिजनों का विरोध प्रदर्शन दूसरे दिन शनिवार को भी जारी रहा। परिजनों की ओर से युवक का शव हाईवे पर रखकर निजी अस्पताल के डॉक्टर के खिलाफ यह प्रदर्शन किया जा रहा हैं। परिजनों की ओर से उक्त डॉक्टर पर लापरवाही के आरोप लगाए गए हैं और अब कार्रवाई की मांग परिजनों की ओर से की जा रही हैं,जिसे लेकर लगातार दो दिनों से मृतक के परिजन अस्पताल के बाहर हाईवे पर मृतक का शव रखकर लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं।
बता दें कि परिजनों की ओर से यह आरोप लगाया जा रहा है कि अस्पताल में युवक का नाक का ऑपरेशन किया गया इस दौरान उसकी मौत हो गई। परिजन डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं। परिजनों ने पिछले कल मेहतपुर में निजी अस्पताल के बाहर हाईवे पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू किया था और यह प्रदर्शन पिछले कल से लगातार जारी हैं। परिजन देर रात हाईवे पर ही डटे रहे और यहीं पर उन्होंने पूरी रात गुजारी।
परिजनों की मांग हैं कि डॉक्टर को गिरफ्तार किया जाए और परिवार को एक करोड़ रुपए का मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए। उन्होंने कहा है जब तक उनकी मांगे नहीं मानी जाती तब तक यह प्रदर्शन जारी रहेगा। उन्होंने यह भी चेतावनी दी है कि अभी तो मेहतपुर को जाम किया है अगर प्रशासन ने समय रहते उनकी मांग को नहीं मानता हैं तो पूरे ऊना को जाम किया जाएगा। उन्होंने जिला प्रशासन व राजनेताओं पर इस पूरे मामले में अनदेखी किए जाने की बात कही हैं। परिजनों ने प्रशासन की ओर से इस मामले में ढुलमुल रवैया अपनाने की बात कही हैं। वहीं प्रदर्शन करने वालों ने मेंहतपुर व संतोषगढ़ में सड़कों को बंद कर दिया हैं।
