संजु चौधरी, शिमला: नगर निगम शिमला के लिए प्रचार रविवार को थम गया हैं। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन कांग्रेस भाजपा ने प्रचार में पूरा जोर लगा दिया। अंतिम दिन नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भाजपा प्रत्याशी कल्याण धीमान के लिए प्रचार किया। इस दौरान जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर भी जमकर निशाना साधा।
रामनगर में जनसभा के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि शिमला में आज जो विकास नजर आता है, वह भारतीय जनता पार्टी की देन हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू वार्ड में जाकर प्रचार कर रहे हैं कि अगर कांग्रेस पार्षद नहीं जीतेंगे, तो विकास कार्य नहीं होंगे, क्योंकि प्रदेश में कांग्रेस सरकार हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर ऐसा ही है, तो यह नहीं भूलना चाहिए कि केंद्र में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार चल रही हैं। उन्होंने कहा कि आज स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट की बदौलत शिमला की को बदली हुई सूरत नजर आती है, वह भाजपा की ही देन हैं।
