राहुल चावला,धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय पैराग्लाइडिंग साइट बीड़ बिलिंग के अलावा भी अब बहुत से क्षेत्रों में पैराग्लाइडिंग शुरू हो चुकी हैं। ऐसे में बीड बिलिंग की तर्ज पर ही अब पैराग्लाइडिंग साइट नरवाणा को भी विकसित करने की मांग उठने लगी हैं। यह मांग नरवाणा एडवेंचर क्लब के महासचिव विनय कुमार ने पैराग्लाइडिंग साइट नरवाणा के टेकऑफ प्वाइंट पर आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान उठाई हैं।
उन्होंने कहा कि जिस तरह अंतरराष्ट्रीय पैराग्लाइडिंग साइट बीड़ बिलिंग में पैराग्लाइडिंग का प्री एक्यूपरेसी वर्ल्ड कप का आयोजन हुआ हैं,उसी तर्ज पर पैराग्लाइडिंग साइट नरवाणा में भी इस तरह के बड़े आयोजन करवाए जा सकते हैं। इस साइट को एडवेंचर स्पोर्ट्स की तरह प्रदेश सरकार और पर्यटन विभाग उभारे तो यहां के लोगों के लिए रोजगार के द्वार भी खुल जाएंगे। उन्होंने बताया कि पर्यटन की दृष्टि से अभी तक नरवाणा साइट की खास पहचान नहीं बन पाई हैं।
उन्होंने बताया कि इस साइट को उभारने के लिए प्रदेश सरकार और पर्यटन विभाग को खास कदम उठाने चाहिए। उन्होंने प्रदेश सरकार और पर्यटन विभाग से मांग की है कि यहां अक्तूबर माह में पैराग्लाइडिंग का प्री वर्ल्ड आयोजित करवाया जा सकता है, क्योंकि यहां पर साहसिक पर्यटन की काफी संभावनाएं हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की है कि पैराग्लाइडिंग साइट तक सड़क का निर्माण जल्द करवाया जाए। उन्होंने कहा कि नरवाणा पैराग्लाइडिंग साइट 2020 में अस्तित्व में आई थी, लेकिन कोरोना महामारी के कारण इसका ज्यादा विकास नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि नरवाणा साइट बीड़ बिलिंग के बाद दूसरी सबसे बड़ी साइट है, जहां का ट्रैक काफी लंबा हैं।
उन्होंने बताया कि नरवाणा एडवेंचर क्लब के पास छह लाइसेंसधारक पैराग्लाइडर हैं। वहीं इस दौरान पैराग्लाइडिंग में एशियन चैंपियन व ट्रेनर देशराज ने बताया कि नरवाणा साइट में वह सारी सुविधाएं उपलब्ध हैं, जोकि एक पैराग्लाइडिंग साइट के लिए होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि साइट के टेकऑफ प्वाइंट से तीन-चार ग्लाइडर एक साथ उड़ सकते हैं, जबकि लैंडिग साइट पर भी 10 से 15 पैराग्लाडर एक साथ लैंड हो सकते हैं। इस अवसर पर उनके साथ क्लब के प्रधान कपिल, देशराज, साहिल, वीना, किरण, अमर सिंह, विनोद कुमार, कमलेेश व राकेश आदि मौजूद रहे।
